डीएसटीपीएस में राजभाषा हिंदी कार्यशाला एवं ‘राजभाषा प्रबोधिनी’ के द्वितीय संकलन का विमोचन
डीवीसी के दुर्गापुर इस्पात ताप विद्युत केंद्र (डीएसटीपीएस) में राजभाषा कार्यान्वयन उप-समिति के तत्वावधान में अधिकारियों के लिए एक दिवसीय राजभाषा हिंदी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विभिन्न अनुभागों के 40 अधिकारियों ने भाग लिया। इस अवसर पर ‘राजभाषा प्रबोधिनी – हिंदी कार्यशाला का प्रेरक पथ’ के द्वितीय संकलन का भी विमोचन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। अतिथि वक्ता श्री दीपक साव, सहायक निदेशक (राजभाषा), हिंदी शिक्षण योजना, आसनसोल केंद्र, राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय ने शासकीय पत्राचार, टिप्पणी एवं आलेखन में सरल और प्रभावी हिंदी के व्यावहारिक प्रयोग पर मार्गदर्शन दिया।
श्री अनिल कुमार जैन, मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रधान, डीएसटीपीएस ने हिंदी को दैनिक कार्यालयीन कार्यों का सहज हिस्सा बनाने पर जोर दिया। श्रीकांत गेडेला, उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन) एवं श्री सुखदेव खाँ, वरिष्ठ महाप्रबंधक (ओएंडएम) ने भी प्रतिभागियों को कार्यशाला से प्राप्त सीख को अपने नियमित कार्यों में अपनाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों ने कार्यालयीन हिंदी से जुड़े अपने अनुभव और चुनौतियाँ साझा कीं तथा व्यावहारिक अभ्यास में भाग लिया। अंत में प्रतिभागियों को ‘राजभाषा प्रबोधिनी’ की प्रतियाँ एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।
कार्यशाला का उद्देश्य कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को सरल, सहज और प्रभावी बनाना तथा अधिकारियों को व्यावहारिक रूप से सक्षम करना रहा।
